सहारनपुर एसएसपी कार्यालय आत्मादाह करने वाले व्यक्ति को पकड़ती पुलिस
- प्लाॅट के मामले में पीड़ित ने अपने ऊपर डाला डीजल
- पुलिसकर्मियों ने रोका, आश्वासन के बाद शांत हुआ पीड़ित
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। नानौता में प्लाॅट कब्जाने के मामले में एक पीड़ित ने सुनवाई न होेने पर एसएसपी कार्यालय पर आत्मदाह की कोशिश की। पीड़ित ने अपने ऊपर डीजल डाल लिया और आग लगाने की कोशिश की। इसी बीच पुलिसकर्मियों ने उसे रोका और सभागार में ले गए, जहां एसएसपी के आश्वासन के बाद वह शांत हुआ।
नानौता के मोहल्ला छत्ता निवासी मोहम्मद जरीफ ने बृहस्पतिवार की सुबह एसएसपी कार्यालय पर खुद के ऊपर डीजल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने उसे रोका और समझाकर मामला शांत कराया। जरीफ ने बताया कि कस्बे में उनके दो प्लाॅट हैं, जिनकी चहारदीवारी हुई है और दरवाजा भी लगा है। कुछ लोगों ने उसके प्लाट पर लगे ताले को तोड़कर अपना ताला डाल लिया और कब्जा कर लिया।
मामले की जांच तहसीदार व लेखपाल ने की। जांच में प्लाॅट उसका ही होना पाया गया। आरोप है कि इसके बाद भी थाना नानौता पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। उस पर ही गलत तरीके से दबाव बनाया जा रहा है। इसी से क्षुब्ध होकर उसने आत्महत्या की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे बचा लिया। इसके बाद उसे पुलिस लाइन के सभागार में ले गए, जहां पर एसएसपी डाॅ. विपिन ताड़ा ने मोहम्मद जरीफ से वार्ता कर उसे उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद मोहम्मद जरीफ पुलिस लाइन से घर चला गया।