- अल्पसंख्यक समुदाय के युवकों ने अनुसूचित समाज के लोगों को पीटा
- सगाई के मौके पर डीजे बजा रहे थे अनुसूचित समाज के लोग
- एसएसपी और एसपी देहात ने भी गांव पहुंच लिया हालात का जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
सरसावा (सहारनपुर। सरसावा थाना क्षेत्र के गांव समसपुर में सगाई के मौके पर डीजे बजाने को लेकर अल्पसंख्यक समुदाय के युवकों ने अनुसूचित जाति पक्ष पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। इसमें अनुसूचित समाज के सात महिला-पुरुष घायल हो गए। मारपीट की की सूचना के बाद एसएसपी, एसपी देहात और सीओ नकुड़ भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और स्थिति को संभाला।
जानकारी के अनुसार गांव के अनुसूचित परिवार के जसवीर के बेटे की रविवार को सगाई थी। इस दौरान हंसी खुशी के माहौल में रात के वक्त डीजे पर परिवार के लोग नाच-गा रहे थे। आरोप है कि गांव के ही अल्पसंख्यक समुदाय के युवकों ने इस दौरान वहां आ कर गाली गलौज करते हुए डीजे बजाने से मना करते हुए मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। इसमें रवि, योगेश, विक्रम, बिरजमति, चंद्रो, मुन्नी, रवीना आदि घायल हो गई। इस सभी को सीएचसी सरसावा लाया गया। मारपीट की सूचना पर एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा, एसपी देहात सूरज कुमार राय, सीओ चंद्रपाल शर्मा और प्रभारी निरीक्षक योगेश शर्मा पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। गांव में तनाव के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया है। देर रात पीड़ित अनुसूचित परिवार के रविन्द्र पुत्र जसबीर की तरफ से थाने में तहरीर लिखी जा रही थी। सीओ चंद्रपाल शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।