तेहरवीं से लौट रहे थे चंद्रशेखर
बुधवार शाम चंद्रशेखर देवबंद की गांधी कॉलोनी निवासी अधिवक्ता अजय कुमार की माता की तेहरवीं में शामिल होने आए थे। शाम करीब साढ़े पांच बजे वह अपनी फॉर्च्यूनर कार से लौट रहे थे। उनके साथ कार में जिला पंचायत सदस्य कारी नौशाद और महक सिंह सहित कई पदाधिकारी भी बैठे थे।
फ्लाईओवर के नीचे यूनियन तिराहे के पास कार सवार बदमाशों ने उनपर चार राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली उनके पेट को दाईं ओर छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। हाईवे पर फायरिंग से अफरा तफरी मच गई। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव और रालोद सुप्रीमो जयंत चौधरी ने ट्वीट कर हमले की निंदा की है।
हरियाणा नंबर की कार में थे हमलावर
पुलिस की अभी तक जांच में सामने आया कि चंद्रशेखर पर हमला करने वाले दो लोग थे, जबकि तीसरा व्यक्ति कार चला रहा था। बदमाशों की कार का नंबर हरियाणा का था। भीम आर्मी के पूर्व मंडल अध्यक्ष दीपक बौद्ध के मुताबिक स्टेट हाईवे पर जानकारी करने पर प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार में सवार दो लोगों ने चंद्रशेखर पर फायरिंग की, जबकि एक व्यक्ति कार चला रहा था।
बदमाशों की कार पकड़े जाने की चर्चा, मौन साध रहे अधिकारी
आसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर हमला करने वाले बदमाशों की कार पकड़े जाने की चर्चा देर रात तेज हो गई। बताया जा रहा है कि पुलिस ने कार को सहारनपुर क्षेत्र में ही बरामद कर लिया है, लेकिन बदमाशों नहीं पकड़े गए। वहीं सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने ओरापियों को भी पकड़ लिया है। हालांकि, इस पर अभी कोई अधिकारी बोलने को तैयार नहीं है। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा का कहना है कि जल्द ही वारदात का खुलासा होगा।
बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक भी पहुंची अस्पताल, घटना को बताया निंदनीय
चंद्रशेखर पर हमले को लेकर मीडिया कर्मियों से बजरंग पूनिया ने बातचीत में घटना को निंदनीय बताया और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग। पहलवान बजरंग पूनिया के अस्पताल पहुंचने के कुछ देर बाद पहलवान साक्षी मलिक भी जिला अस्पताल पहुंच गईं। हालांकि उन्होंने मीडियाकर्मियों से बातचीत नहीं की वह सीधे आईसीयू में गईं और चंद्रशेखर का हालचाल जाना। सहारनपुर और विभिन्न दलों के राजनीतिक हस्तियां अस्पताल पहुंचीं।