सहारनपुर। एटीएस ने एक बार फिर देवबंद में दस्तक दी है। एटीएस ने मदीना कॉलोनी के नजदीक किराए के मकान में रहने वाले दो युवकों को हिरासत में लिया है। दोनों युवक बांग्लादेश के रहने वाले हैं। इनके पास से दो मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, भारत का आधार कार्ड, पेन कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं। इन दोनों के आतंकी संगठन से जुड़े होने की भी सुबूत मिले हैं। एटीएस इनसे पूछताछ कर रही है। वहीं, स्थानीय अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं है।
बुधवार की सुबह एटीएस ने स्टेट हाईवे पर मदीना कॉलोनी के बाहरी छोर पर स्थित एक मकान पर छापा मारकर दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि ये युवक यहां लंबे समय से किराए पर रह रहे थे। इसके बाद एटीएस दोनों को गोपनीय स्थान पर ले गई, जिनसे पूछताछ की जा रही है। दोनों के पास से एटीएस को एक लैपटाप, दो मोबाइल, पेन कार्ड, आधार कार्ड मिले हैं। सभी दस्तावेज भारत के बने हुए हैं। आरोपी पिछले कई वर्षों से देवबंद में रह रहे थे। सूत्र बता रहे हैं कि एटीएस ने दोनों के मोबाइल फोन चेक किए ताे फोन में पाकिस्तान के एक आतंकी संगठन के सदस्यों से बातचीत होने की चैट मिली है।
- युवाओं को संगठन से जोड़ने की चला रहे थे मुहिम
सूत्रों का दावा है कि दोनों आरोपी सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली सहित वेस्ट यूपी के जिलों में रहने वाले युवाओं के संपर्क में भी थे, जो युवाओं को पाकिस्तान के आतंकी संगठन से जोड़ने की मुहिम चला रहे थे।
- लखनऊ से मिला था इनपुट
देवबंद एटीएस को लखनऊ एटीएस ने इनपुट दिया था, जिसमें बताया था कि दो संदिग्ध युवक देवबंद में रहकर देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त हैं। इसके बाद देवबंद एटीएस ने दोनों युवकों को पकड़ा है।
- वर्जन :
एटीएस गोपनीय रूप से कार्रवाई करती है। सूचना मिली है कि एटीएस ने देवबंद से दो संदिग्ध युवकों पकड़ा है, जिसका पता कराया जा रहा है। इससे ज्यादा उनके पास कोई जानकारी नहीं है। -डाॅ. विपिन ताडा, एसएसपी