नागल(सहारनपुर)। कस्बे के प्रथमा ग्रामीण बैंक की शाखा के सहायक प्रबंधक आदित्य पांडे (25) का शव बुधवार सुबह कमरे में चारपाई पर पड़ा मिला। उनकी पांच मार्च को शादी होनी थी।
आदित्य पांडे हरिद्वार के थाना कनखल के मोहल्ला शिवपुरी के रहने वाले थे और पिछले डेढ़ वर्ष से कस्बे के प्रथमा ग्रामीण बैंक में सहायक प्रबंधक के पद पर तैनात थे। बुधवार सुबह जब वह बैंक में 10:30 बजे तक नहीं पहुंचे तो शाखा प्रबंधक इसरार अहमद ने उनके कमरे पर चपरासी को भेजा तो घटना का पता चला। चारपाई के पास ही कटोरी में कोई पदार्थ पानी में घुला हुआ रखा था। एसपी देहात सूरज राय, सीओ देवबंद रामकरण सिंह विधि विज्ञान प्रयोगशाला टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। एसपी देहात का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। आदित्य पांडे की पांच मार्च को शादी होनी थी। वह दो दिन पूर्व भी वह शादी की खरीदारी करने घर गए थे। उनकी मौत से मां बाप और बहनों का रो-रो कर बुरा हाल है।