सहारनपुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा संचालित भर्ती प्रक्रिया के तहत जनपद की पांचों तहसीलों से चयनित 113 युवाओं का लेखपाल के पद पर चयन हुआ है। इन सभी चयनित लेखपालों को बुधवार को पाइनवुड स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
पाइनवुड स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में लखनऊ में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। इसके बाद जनपद से चयनित 113 लेखपालों को जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी मांगेराम, जिलाधिकारी मनीष बंसल, एडीएम प्रशासन डॉ. अर्चना द्विवेदी द्वारा नियुक्ति पत्र सौंपे गए। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर रोजगार मिल रहा है। रोजगार देने में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है। विश्वास व्यक्त किया कि चयनित लेखपाल अपने विभागीय दायित्वों का ईमानदारी के साथ निर्वहन करते हुए जनता को अपनी सेवा से लाभान्वित करेंगे।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने सभी नव नियुक्त लेखपालों को उनके कर्तव्यों का बोध कराते हुए कहा कि लेखपाल राजस्व विभाग के साथ-साथ संपूर्ण प्रशासनिक ढांचे की नींव है। इसलिए अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए संवेदनशीलता एवं मेहनत के साथ कार्य करें। अपने शुरुआती कार्यकाल में उत्सुकता के साथ कार्य करें। समस्या आने पर अपने वरिष्ठ अधिकारियों से मार्गदर्शन लें। कार्यक्रम में अनेक अधिकारी मौजूद रहे।