सहारनपुर। पूर्व दशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के तहत होने वाले आवेदन आदि के लिए नई एवं संशोधित समय सारणी जारी की गई है, जिसके अनुरूप ही शिक्षण संस्थाओं को काम करना होगा।
जिला समाज कल्याण अधिकारी अर्चना ने बताया कि नई संशोधित समय-सारणी के अनुसार दशमोत्तर कक्षाओं के लिए मास्टर डाटा अपडेट करने की तिथि तीन अक्तूबर से बढ़ाकर 10 अक्तूबर की गई है। पूर्व दशम कक्षा नौ और दस के विद्यार्थियों द्वारा ऑनलाइन आवेदन के लिए सात अक्तूबर की तिथि निर्धारित थी। संस्थान के लॉगिन से अग्रसारित करने की अंतिम तिथि 20 अक्तूबर है।
इसी प्रकार दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों के आनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि सात नवंबर निर्धारित की गई है। संस्थाओं द्वारा अग्रसारित करने की अंतिम तिथि 15 नवंबर हैं। दसवीं और 12वीं के समस्त विद्यालय अंतिम तिथि का इंतजार ना करते हुए जल्द से जल्द कार्यवाही पूर्ण करें। साथ ही अपात्र छात्रों के डाटा को रिजेक्ट कर दें तथा समस्त पात्र छात्रों का डाटा अपने लॉगिन से अग्रसारित करें। यदि संस्था स्तर पर पात्र छात्रों का डाटा अवशेष पाया जाता है तो संस्था के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।