सहारनपुर। उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा 2023 का आयोजन बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी द्वारा किया जाएगा। परीक्षा के लिए 24 अप्रैल 2023 की तिथि निर्धारित है। परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी दस मार्च तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद कोई तिथि नहीं बढ़ाई जाएगी।
बीएड प्रवेश परीक्षा की तिथि यूपी बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए निर्धारित की गई है, क्योंकि अप्रैल माह से पहले तमाम वह विद्यालय जिन्हें केंद्र बनाया जाना है बोर्ड परीक्षाओं के कारण व्यस्त हैं, साथ ही प्रशासनिक अमला और शिक्षा विभाग भी इस परीक्षा में व्यस्त है। खास बात यह है कि बीएड प्रवेश परीक्षा भी सीसीटीवी कैमरों और वायस रिकॉर्डर की निगरानी में होगी, जिससे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर संबंधित जनपद से लेकर लखनऊ तक नजर रखी जा सके। बीएड प्रवेश परीक्षा के प्रचार-प्रसार के लिए मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय सहारनपुर के कुलसचिव वीरेंद्र कुमार मौर्य की ओर से भी एक पत्र जारी किया गया है। जिसमें परीक्षा के लिए बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.bujhansi.ac.in पर जाकर 10 मार्च तक ऑनलाइन फॉर्म भरने की बात कही गई है। तीन मार्च तक फीस जमा करने में कोई विलंब शुल्क नहीं लगेगा। चार मार्च से विलंब शुल्क लगना शुरू हो जाएगा। स्नातक अंतिम वर्ष या अंतिम सेेमेस्टर के विद्यार्थी उक्त प्रवेश परीक्षा के लिए अर्ह हैं।