अंबेहटा। ऊर्जा निगम के अफसरों की उदासीनता के चलते क्षेत्र के किसानों ने नकुड़ रोड स्थित ऊर्जा निगम के कार्यालय का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। किसानों ने कहा कि 24 घंटे में मात्र दो-तीन घंटे ही आपूर्ति मिल रही है, जिससे उनकी फसलें सूखने की कगार पर है।
बुधवार को किसानों ने एसडीओ कार्यालय का घेराव करते हुए बताया कि रोस्टर के अनुसार उनको विद्युत आपूर्ति नहीं हो रही है। 24 घंटे में 2 से 3 घंटे की बिजली मिल रही है, जिससे उनकी फसल सूख रही है। दो-तीन घंटे की विद्युत आपूर्ति में भी बीच में कट लगते रहते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले 3 दिनों से विद्युत आपूर्ति बिल्कुल भी नहीं हो रही है। किसानों ने सरदारों के डेरों पर भी घरेलू कनेक्शन देने की मांग की। किसानों ने ऊर्जा विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दो दिन में उनकी समस्या का समाधान नहीं होता तो वे सड़क पर उतर कर उग्र विरोध करेंगे। उधर एसडीओ अंकित त्यागी ने बताया भीषण गर्मी के चलते वोल्टेज लो हो रहे हैं जिसके कारण तारों में अधिक करंट की आवश्यकता होती है। इससे तार पिघल कर बार-बार टूट रहे हैं जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित हो जाती है।
इस दौरान मनजीत सिंह, पप्पू गाडा, चरण सिंह ,कश्मीर सिंह, अशरफ अली, हरजीत सिंह, बंटी कुमार, प्रिंस, सीरत आदि मौजूद रहे।