सहारनपुर, बेहट। शाकंभरी देवी रोड पर नगर पंचायत के नलकूप की खाली पड़ी भूमि और सड़क किनारे फुटपाथ पर लगाई गई टाइल्स को खुर्द को किए जाने के मामले में चेयरमैन और काॅलोनाइजर के खिलाफ कार्रवाई न होने से नाराज सभासद अब डीएम-एसएसपी से मिलेंगे। उन्होंने कहा कि इसके बाद भी कार्रवाई नहीं होती तो आंदोलन किया जाएगा।
मोहल्ला खालसा स्थित सभासद प्रतिनिधि अजय नौटियाल के आवास पर पत्रकारों से सभासद आयशा मलिक, संगीता शर्मा व अंजू देवी ने आरोप लगाया कि चेयरमैन द्वारा एक काॅलोनाइजर और भूमाफिया के साथ मिलकर शाकंभरी देवी रोड पर पूर्वी यमुना नहर के पास नलकूप की खाली पड़ी भूमि को खुर्द कर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। इतना ही नहीं नगर पंचायत द्वारा फुटपाथ पर लगाई गई टाइल्स को भी खुर्द-बुर्द कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चेयरमैन ने मौके पर लगे वाटर कूलर को भी हटवा दिया है। उन्हें जानकारी मिली है कि नगर पंचायत अध्यक्ष का कहना है कि उस जगह पर कोई वाटर कूलर नहीं था। यह कहकर वे जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने एक भूमाफिया से मिलकर सिंचाई विभाग की भूमि पर कब्जे की नीयत से नहर की पटरी पर पत्थरों की भी पेचिंग लगवाई है।
बताया कि उन्होंने इस संबंध में एसडीएम बेहट से भी शिकायत की थी, लेकिन उस शिकायत पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा, कि वह इस संबंध में डीएम व एसएसपी से मिलेंगे। यदि इसके बाद भी कार्रवाई नहीं होती तो आंदोलन किया जाएगा। सत्यप्रकाश रोहिला, शाहनवाज उर्फ गुल्लु, मास्टर जमील, नरेंद्र कुमार, शाह फरहान, मुर्तजा राही आदि सभासदों की मौजूद रहे।
वर्जन : आरोप बेबुनियाद हैं। टाइल्स धंस गईं थीं, जिन्हें उखड़वाकर दोबारा लगाया गया है। वाटर कूलर वहां था ही नहीं। नलकूप की भूमि पर कब्जे के प्रयास का आरोप भी गलत है।
- अब्दुल रहमान, अध्यक्ष नगर पंचायत बेहट