तीतरो/रामपुर मनिहारान/अंबेहटा/छुटमलपुर/गंगोह (सहारनपुर)। शिवरात्रि पर शिवालयों में औघड़दानी के जलाभिषेक के लिए भक्तों की भीड़ लगी रही। तड़के से ही श्रद्धालुओं की लाइनें शिवालयों पर लग गईं। भक्तों ने हर-हर महादेव और बोम बम के गगनभेदी जयकारों के बीच अपने आराध्य भगवान आशुतोष का गंगाजल, दूध और पंचामृत से अभिषेक किया। हर तरफ भोले के भक्तों का रैला नजर आया।
तीतरों के बरसी स्थित महाभारतकालीन शिव मंदिर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने अपने आराध्य भगवान आशुतोष का जलाभिषेक कर सुख समृद्धि की कामना की। इस बार अनुमान से कहीं अधिक भोले के भक्तों की कतारें शिवालयों में लगी रहीं। शिवभक्तों ने बेलपत्र, धतूरा और गंगाजल से भोले का अभिषेक किया। व्यवस्था बनाए रखने में कोतवाली पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी।
रामपुर मनिहारान के शिवपुरी स्थित शिव मंदिर, प्राचीन सिद्धपीठ श्री ठाकुर द्वारा मंदिर, ब्लॉक, बाजार कला स्थित शिव मंदिर, डिप्टन वाला मंदिर में श्रद्धालुओं ने तड़के से लाइनों में लगकर भगवान शिव की पूजा अर्चना कर जलाभिषेक किया। इस मौके पर लता शर्मा, दिग्विजय शर्मा, जयराज चौधरी आदि रहे।
अंबेहटा में हरिद्वार से जल लेकर आए कांवड़ियों के अलावा बड़ी संख्या में शिव भक्तों ने बोल बम के जयघोष के साथ भगवान आशुतोष का जलाभिषेक किया। जलाभिषेक के कारण शिवालयों में सुबह से ही कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। नगर पंचायत की ओर से शिवालयों के बाहर सफाई कराकर चूना डलवाया गया। एसडीएम अजय कुमार ने भी कस्बे का दौरा कर व्यवस्थाओं को परखा।
छुटमलपुर के मनकामेश्वर शिव मंदिर, वैदिक शिव सत्संग मंदिर, फतेहपुर भादो के शिव मंदिर, बेहड़ा संदल सिंह, रामखेड़ी आदि के शिवालयों में बोल बम, हर हर महादेव के जयकारों के बीच बाबा भोलेनाथ का अभिषेक किया गया।
गंगोह के प्राचीन शिव मंदिर बाईपास मार्ग पर एसडीएम अजय कुमार अंबुष्ट ने जलाभिषेक किया। गुडछप्पर, श्रीरामबाग, शिवचौक, बड़ा शिवालय मराठा मंदिर, महलतला, श्री बालाजी धाम स्थित शिव मंदिर, पुरुषार्थी धर्मशाला, सज्जन वाला मंदिर, मंडीश्वर महादेव, अस्थल मंदिर, सनातन मंदिर, महादेव कुटी में जलाभिषेक किया गया। गुड़छप्पर, नवीन मंडी, प्राचीन शिव मंदिर सहित विभिन्न सेवा शिविरों में भंडारे आयोजित हुए। मुस्लिमों ने भी शिविर लगाकर कांवड़ियों का स्वागत किया।
गंगोह में जलाभिषेक करते श्रद्वालु- फोटो : SAHARANPUR
गंगोह के प्राचीन शिव मंदिर में जलाभिषेक करते एसडीएम- फोटो : SAHARANPUR
रामपुर मनिहारान में भगवान भोलेनाथ का अभिषेक करते श्रद्वालु- फोटो : SAHARANPUR
बरसी के महाभारतकालीन शिव मंदिर में अभिषेक के लिए लगी श्रद्वालुओं की कतार- फोटो : SAHARANPUR
रामपुर मनिहारान की शिवपुरी कॉलोनी के शिव मंदिर में जलाभिषेक करते श्रद्धालु- फोटो : SAHARANPUR