- कब्जामुक्त कराई गयी भूमि पर हो पौधारोपण
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। मंडलायुक्त डाॅ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने कहा कि राजस्व देयों की वसूली में तेजी लायी जाए। आबकारी, परिवहन निगम, विद्युत निगम, कृषि विपणन विभाग की वसूली लक्ष्य के सापेक्ष कम पाए जाने पर उन्होंने प्रतिदिन का लक्ष्य निर्धारित कर उसके अनुरूप वसूली करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने विद्युत निगम की कम वसूली पर नाराजगी जताई।
बुधवार को मंडलायुक्त कार्यालय में कर-करेत्तर, राजस्व टास्क फोर्स, राजस्व कार्य, चकबन्दी कार्यों एवं वादों की प्रगति की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने कहा कि आबकारी विभाग सीमावर्ती राज्यों से आने वाली अवैध शराब पर अंकुश लगाए। परिवहन विभाग को वसूली से संबंधित आरसी को चेक कर पोर्टल पर सही फीडिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वाणिज्यकर विभाग कर अपवंचकों के विरुद्ध सघन अभियान चलाए। उन्होंने खनन विभाग को मंडल में अवैध खनन पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कब्जा मुक्त कराई गई जमीनों पर पौधारोपण पार्किंग, नेपियर घास की खेती, अस्थाई गोआश्रय स्थल आदि बनाए जाएं। उन्होने निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में खानापूर्ति न हो। आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए। गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्धता के साथ शिकायतों का निस्तारण किया जाए। साथ ही शिकायतकर्ता से फीडबैक भी लिया जाए। इस दौरान अपर आयुक्त प्रशासन सुरेन्द्र राम, अपर जिलाधिकारी प्रशासन सहारनपुर डॉ. अर्चना द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मुजफ्फरनगर नरेन्द्र बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व शामली संतोष कुमार सिंह, उप आबकारी आयुक्त एसके राय आदि मौजूद रहे।