महंगी में सड़क पर भरे पानी से होकर गुजरते स्कूली बच्चे। संवाद
तीतरों। ग्राम महंगी में मुख्य सड़क पर भरा पानी राहगीरों विशेषकर स्कूली बच्चों के लिए परेशानी का सबब बन रहा है। शिकायत के बाद भी समस्या का निराकरण नहीं हो सका है। बता दें, कि तीतरों के ग्राम महंगी में पानी की टंकी बिछाने के लिए खोदी गई सड़क पर बारिश के बाद जगह-जगह पानी जमा होने से कीचड़ बन गया है। जालेंद्र सिंह, मांगा सैनी, रवि सैनी, राजकुमार, ईश्वरपाल, महेंद्र कोरी आदि ने बताया कि डेढ़ साल पहले गांव की सीसी सड़कें पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिन्हें ठीक नहीं किया गया है। सड़क पर बीचों बीच नाले निर्माण के बाद पड़ी ईंटें भी रास्ते को संकरा बना रही है। प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र इसी रास्ते पर होने से बच्चों को यहां से गुजरने में काफी दिक्कत आती है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रतिदिन एक दो बच्चों के पानी में गिरने से उनकी ड्रेस और किताबें खराब हो जाती हैं। ग्रामीणों ने एसडीएम से सड़क निर्माण कराने की मांग की है।