एसडीएम को ज्ञापन देते क्षत्रिय समाज के लोग
- दस जून तक कार्रवाई न होने पर दी घर घर बहिष्कार के बैनर लगाने की चेतावनी
फाेटो समाचार
बड़गांव (सहारनपुर)। गांव झबीरण में लगाए गए जनप्रतिनिधियों के बहिष्कार के बोर्ड को पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों की सहमति के बाद उतरवा दिया है। ग्रामीणों ने डीएम के नाम 10 जून तक कार्रवाई न होने पर दोबारा आंदोलन करने की चेतावनी का ज्ञापन एसडीएम को सौंपा है।
मिहिर भोज प्रकरण को लेकर गांव झबीरण में जनप्रतिनिधियों के बहिष्कार वाला बोर्ड बृहस्पतिवार को बड़गांव-नानौता रोड पर लगाया गया था। शुक्रवार को पुलिस ने बोर्ड उतारने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों के भारी विरोध के चलते टीम लौट गई थी। शनिवार को एसडीएम रामपुर संगीता राघव व सीओ देवबंद रामकरन गांव में पहुंचे और ग्रामीणों को बोर्ड को उतारने की बात कही। एक बार फिर ग्रामीण विरोध करने लगे। बाद में बिना अनुमति के गौरव यात्रा निकालने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने का आश्वासन मिलने पर ग्रामीण बोर्ड उतारने पर सहमत हो गए। इसके बाद बोर्ड को उतरवा दिया गया।
ग्रामीणों ने एसडीएम संगीता राघव को आगामी 10 जून तक कार्रवाई न होने पर पुनः आंदोलन करने की चेतावनी से संबंधित ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि कार्रवाई नहीं की गई तो घर-घर बहिष्कार के बैनर लगाए जाएंगे और इसका जवाब आगामी लोकसभा चुनाव में दिया जाएगा।