सहारनपुर। महिला अधिवक्ता और उसके परिजनों पर हुए हमले की रिपोर्ट दर्ज न होने से गुस्साएं अधिवक्ता बृहस्पतिवार को सड़क पर उतर गए। अधिवक्ताओं ने दीवानी कचहरी के सामने तिराहे पर मानव श्रृंखला बना कर कोर्ट रोड पर जाम लगा दिया। एक घंटे तक पुलिस के खिलाफ जमकर प्रदर्शन कर मुर्दाबाद के नारे लगाए। एसएसपी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराने और बेहट इंस्पेक्टर की विभागीय जांच के आश्वासन पर अधिवक्ता शांत हुए।
बेहट कोतवाली क्षेत्र के गांव दाउदपुरा निवासी महिला अधिवक्ता हिमानी राणा उसके पति अमित राणा और परिजनों के साथ छह नवंबर को गांव के ही दूसरे पक्ष ने जमीन विवाद को लेकर मारपीट की। आरोप है कि आठ नवंबर को भी आरोपियों ने महिला अधिवक्ता और उसके परिजनों पर जान लेवा हमला किया। महिला अधिवक्ता और उसके परिजन अस्पताल में भर्ती है। आरोप है कि बेहट पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, उल्टे महिला अधिवक्ता पक्ष के खिलाफ ही दूसरे पक्ष की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली।
इस मामले की जानकारी मिलने पर सहारनपुर अधिवक्ता एसोसिएशन की बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे आपात बैठक हुई, जिसमें न्यायिक कार्य से विरत रह कर बेहट पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया। एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार पुंडीर और महासचिव नितिन कुमार शर्मा के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए साढ़े 12 बजे दीवानी कचहरी के सामने तिराहे पर मानव श्रृंखला बना कर जाम लगा दिया।
अधिवक्ताओं ने पुलिस के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए जमकर प्रदर्शन किया। करीब एक घंटे जाम लगे रहने पर एएसपी प्रीति यादव मौके पर पहुंची। अधिवक्ता बेहट इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। तब एएसपी ने अधिवक्ताओं की एसएसपी से बात करने को कहा। इसके बाद अधिवक्ता जाम खोल कर जुलूस के रुप में प्रदर्शन करते हुए पुलिस लाइन स्थित एसएसपी कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने एसएसपी डॉ विपिन ताडा के समक्ष अपनी मांग रखी। जिस पर एसएसपी ने रिपोर्ट दर्ज कराने और इंस्पेक्टर बेहट की विभागीय जांच कराने का आश्वासन देकर अधिवक्ताओं को शांत किया।
विरोध प्रदर्शन करने वालों में अनुज कुमार, वरुण सिंहल, सिद्घार्थ शंकर त्यागी, चौधरी रणधीर सिंह, पालम राणा, स्वराज सिंह, सतीश सहजवा, अशोक पोसवाल, राजेश कुमार, जमाल साबरी, जयवीर सिंह पुंडीर, तेज सिंह पुंडीर, मुकेश कुमार, महताब अली, बाबूराम, सदफ, मोनिका आदि शामिल रहे।
जाम से हलकान रहे राहगीर
कोर्ट रोड पर दिवानी कचहरी तिराहे पर अधिवक्ताओं ने एक घंटे तक जाम लगाया। इस दौरान कोर्ट रोड और सदर बाजार थाना रोड पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जाम में फंसे वाहनों में सवार राहगीर परेशान रहे। बाइक सवार तो अन्य रास्तो से निकल गए, मगर कार सवार लोग जाम में में फंसे रहे। जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम के दौरान अन्य मार्गों से यातायात निकला तो कोर्ट रोड रेलवे ओवरब्रिज, कलक्ट्रेट तिराहे, पुलिस लाइन रोड पर भी जाम के हालात बने रहे।
दीवानी कचहरी तिराहे पर मानव श्रंखला बना जाम के दौरान एएसपी से वार्ता करते अधिवक्ता संघ के पदाधिक- फोटो : SAHARANPUR
दीवानी कचहरी तिराहे पर मानव श्रंखला बना जाम लगातें अधिवक्ता से बाइक निकालने को लेकर होती नौकझौं?- फोटो : SAHARANPUR
दीवानी कचहरी तिराहे पर मानव श्रंखला बना जाम लगातें अधिवक्ता- फोटो : SAHARANPUR