सहारनपुर। आईजीआरएस प्रकरणों की सुनवाई में लापरवाही बरतने पर दो एडीओ पंचायत को जिलाधिकारी मनीष बंसल ने प्रतिकूल प्रविष्टि देने के आदेश दिए हैं। एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी ने एडीओ पंचायत बलियाखेड़ी पंकज सैनी और नकुड़ के कुशलपाल को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के आदेश दिए हैं। दोनों पर आईजीआरएस प्रकरणों में लापरवाही बरतने का आरोप है। जिले की सीएम डैश बोर्ड पर रैंकिंग पिछले माह के मुकाबले गिरी है। फरवरी माह की रैंकिंग में जिला खिसकर 48वें स्थान पर आ गया है। जनवरी में जिला प्रदेश में 34वें स्थान पर था। आईजीआरएस पर आने वाले प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण पर प्रशासन से लेकर शासन तक का जोर रहता है।