सहारनपुर। महाविद्यालयों में संचालित स्नातकोत्तर (बीपीएड एवं एमपीएड को छोड़कर) पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए पंजीकृत, लेकिन अप्रवेशित अभ्यर्थियों के दाखिले तीन और चार नवंबर को किए जाएंगे। ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 26 अक्तूबर निर्धारित की गई थी, जिसके बाद विश्वविद्यालय और महाविद्यालय पंजीकरण के आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार करने और दाखिलों की तैयारी में जुट गए हैं।
प्रवेश समन्वयक प्रोफेसर नरेश कुमार मलिक ने बताया कि स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों (बीपीएड व एमपीएड को छोड़कर) में सत्र 2022-23 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की तिथि समाप्त हो गई थी, लेकिन कम पंजीकरण और पंजीकरण कराने से वंचित अभ्यर्थियों की समस्या को देखते हुए मां शाकंभरी विश्वविद्यालय ने पुन: 20 से 26 अक्तूबर तक ऑनलाइन पंजीकरण के लिए वेबसाइट खोली थी। इन सात दिनों में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। अब सभी पुराने यानी 20 अक्तूबर से पहले व उसके बाद के पंजीकृत, लेकिन अप्रवेशित अभ्यर्थी अपनी लॉगिन आईडी से 31 अक्तूबर से एक नवंबर तक ब्लैंक ऑफर लेटर डाउनलोड करके उसमें अपनी इच्छा के अनुसार कोई भी महाविद्यालय (जहां सीट रिक्त हो) भरकर महाविद्यालय में 31 अक्तूबर से एक नवंबर तक जमा कराएंगे, साथ ही उन्हें अभ्यर्थी प्रति (स्टूडेंट कॉपी) प्राप्त करनी होगी। जमा हुए ब्लैंक ऑफर लेटर से रिक्त सीटों के सापेक्ष आरक्षण के नियमानुसार महाविद्यालय दो नवंबर को मेरिट लिस्ट जारी करेंगे। इसके बाद तीन और चार नवंबर को प्रवेश करेंगे। विश्वविद्यालय ने कहा है कि संबंधित महाविद्यालय चार नवंबर तक प्रवेश पोर्टल पर अभ्यर्थियों का प्रवेश संपुष्ट (कन्फर्म) अवश्य कर लें। अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश का यह अंतिम अवसर होगा। महाविद्यालय बची हुई समस्त आरक्षित वर्ग की सीटों को भी चार नवंबर तक भरेंगे।