सहारनपुर। राजकीय महाविद्यालयों एवं स्ववित्तपोषित संस्थानों में संचालित स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रथम वर्ष के प्रवेश पहले आओ पहले पाओ के आधार पर शुरू किए गए हैं। विश्वविद्यालय ने नए पंजीकरण के लिए वेबसाइट भी फिर से खोल दी है। नए के साथ पुराने पंजीकृत अभ्यर्थी भी प्रवेश ले सकते हैं।
मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक स्तर के पाठ्यक्रमों में प्रथम वर्ष के प्रवेश की प्रक्रिया 23 अप्रैल से चल रही है। एडेड महाविद्यालयों में प्रवेश पूर्ण हो चुके हैं। कुछ जगहों पर स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों में सीटें बची हैं। इसके अलावा राजकीय महाविद्यालयों एवं स्ववित्त पोषित संस्थानों में स्नातक प्रथम वर्ष के पोषित एवं स्ववित्त पोषित दोनों तरह के पाठ्यक्रमों की सीटें रिक्त हैं। इन सीटों को भरने के लिए विश्वविद्यालय ने फिर से पंजीकरण खोले हैं।
पंजीकरण 12 अगस्त से 31 अगस्त तक विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। विश्वविद्यालय के प्रवेश समन्वयक प्रो. ओमकार सिंह ने बताया कि राजकीय एवं स्ववित्त पोषित महाविद्यालयों में 12 से 31 अगस्त तक पहले आओ पहले पाओ के आधार पर प्रवेश शुरू कर दिए गए हैं। नए पंजीकरण के साथ ही पुराने पंजीकृत अभ्यर्थी भी प्रवेश ले सकते हैं। अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र (ऑफर लेटर) महाविद्यालय में जमा कर सीधे प्रवेश ले सकते हैं। यदि एडेड महाविद्यालयों में स्ववित्त पोषित पाठ्यक्रमाें की सीटें खाली हैं तो वहां भी प्रवेश होंगे।
एडेड महाविद्यालयों में कक्षाएं शुरू
एडेड महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष के प्रवेश दस अगस्त को पूर्ण हो चुके हैं। ऐसे में मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय ने तीनों जनपदों के एडेड महाविद्यालयों को कक्षाओं का संचालन तुरंत शुरू कर देने को कहा है, जिससे सत्र को पटरी पर लाया जा सके।