सहारनपुर। अडानी विलमोर लिमिटेड से लेकर बाबा रामदेव की पतंजलि फूड्स तक को सहारनपुर का गेहूं भा रहा है। इनके साथ ही सहारनपुर मंडी से कई अन्य फ्लोर मिल भी गेहूं खरीद कर रहे हैं। मंडी में अब तक 47346 क्विंटल गेहूं खरीदा जा चुका है, जबकि मंडी मेंं स्थापित सरकारी क्रय केंद्र पर अभी तक गेहूं की आवक नहीं हुई है।
बाजार में सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य से अधिक गेहूं का भाव होने का असर सरकारी खरीद पर पड़ रहा है। प्रदेश सरकार ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2125 रुपये प्रति क्विंटल घोषित कर रखा है, जबकि मंडी में 2130 से 2135 रुपये प्रति क्विंटल तक गेहूं बिक रहा है। वाे भी नकद दाम में बिक रहा है। इसका सीधा असर गेहूं की सरकारी खरीद पर पड़ रहा है। सहारनपुर मंडी में किसान अब तक 47,346 क्विंटल गेहूं बेच चुके हैं। वहीं मंडी में स्थापित सरकारी क्रय केंद्र पर अब तक गेहूं खरीद की बोहनी नहीं हुई है।
सहारनपुर मंडी से कई फ्लोर मिल भी गेहूं की खरीदारी कर रही हैं। इनमें प्रदेश के साथ ही उत्तराखंड एवं हरियाणा के फ्लोर मिल भी शामिल हैं। मंडी निरीक्षक जगपाल सिंह सैनी ने बताया कि सहारनपुर मंडी से गेहूं की खरीद करने वालों में देहरादून का श्रीगणेश रोलर फ्लोर मिल, सिकंदराबाद के अडानी विलमार लिमिटेड, हरिद्वार के पतंजलि फूड्स और अंबाला की जीसी फ्लोर मिल प्रमुख हैं।
जिले के 30 गेहूं क्रय केंद्र अभी सूने पड़े
सहारनपुर। जिले में गेहूं की सरकारी खरीद पिछड़ गई है। जनपद के 90 क्रय केंद्रों में से अब तक मात्र 60 पर ही गेहूं खरीदा गया है, जबकि अन्य 30 क्रय केंद्रों पर तो अभी कोई खरीद नहीं हुई जिले में अब तक मात्र 2223.940 मीट्रिक टन ही गेहूं खरीदा गया है। कम सरकारी खरीद की बड़ी वजह मंडी में न्यूनतम समर्थन मूल्य से अधिक भाव होना है। जिले को 116000 मीट्रिक टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य दिया गया है। 659 किसानों से अब तक मात्र 2223.940 मीट्रिक टन ही गेहूं खरीद हुई है। जो लक्ष्य का सिर्फ 1.92 प्रतिशत बैठती है।
ग्राम व्यापारी खेतों से खरीद रहे गेहूं
बाजार में भाव कुछ अधिक मिलने के कारण ग्राम व्यापारी भी किसानों के खेतों से ही सीधे गेहूं खरीद रहे हैं। सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य 2125 रुपये प्रति क्विंटल घोषित कर रखा है, जबकि ग्राम व्यापारी 2130 से 2135 रुपये तक नकद गेहूं खेत में ही खरीद रहे हैं। इससे किसानों को क्रय केंद्र या मंडी तक नहीं लाना पड़ रहा है।
बोले आढ़ती
हरिद्वार स्थित पतंजलि फूड्स को अब तक 11500 क्विंटल गेहूं की सप्लाई कर चुके हैं। इसमें करीब आठ हजार क्विंटल सहारनपुर मंडी और लगभग 3500 क्विंटल गंगोह मंडी से भेजा गया है। - विवेक गुप्ता आढ़ती।
सिकंदराबाद स्थित अडानी विलमार लिमिटेड को अब तक 700 क्विंटल से अधिक गेहूं की सप्लाई कर चुके हैं। अभी वहां गेहूं की सप्लाई जारी है। उनकी मांग के अनुसार गेहूं भेजा जाएगा। मयंक जैन, आढ़ती।
आंकड़ों की नजर में जिले में गेहूं खरीद
लक्ष्य 116000 मीट्रिक टन
खरीद 2223.940 मीट्रिक टन
क्रय केंद्र 90
खरीद वाले क्रय केंद्र- 60
सहारनपुर मंडी में गेहूं खरीद - 47346 क्विंटल