सहारनपुर। महानगर के एक मोहल्ला निवासी युवती ने प्रेमी पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने प्रेमी और उसके परिजनों के खिलाफ केस दर्ज करने को अधिवक्ता के माध्यम से अदालत में प्रार्थना पत्र दिया है।
कोतवाली मंडी क्षेत्र निवासी युवती का आरोप है कि क्षेत्र में ही रहने वाले एक युवक से उसकी तीन वर्ष पूर्व जान-पहचान हो गई थी। आरोपी ने उससे शादी करने बात कही। युवती का आरोप है कि प्रेमी तीन वर्ष से शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। पीड़िता के अधिवक्ता के मुताबिक पुलिस में शिकायत करने पर दोनों के परिजनों के बीच पंचायत भी हुई थी। तब, आरोपी और उसके परिजनों ने शादी करने का आश्वासन दिया, लेकिन इसके बाद आरोपी फिर मुकर गया। आरोप है कि प्रेमी के परिजनों की भी मिलीभगत है। पीड़िता ने मामले में आरोपी और उसके परिजनों के खिलाफ केस दर्ज करने के लिए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रार्थना पत्र दिया है।