संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। रालोद कार्यकर्ताओं ने नायब तहसीलदार सदर मोनिका चौहान को मुख्य चुनाव आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने नगर निकाय के चुनाव के लिए सत्ता पक्ष की ओर से कर्मचारियों पर फर्जी वोट बनाने का दबाव बनाने का आरोप लगाया।
रालोद के प्रदेश महासचिव चौधरी धीर सिंह और कार्यकारी जिलाध्यक्ष राव केसर के नेतृत्व में कार्यकर्ता शनिवार को नायब तहसीलदार से मिले। उन्होंने आशंका जताई कि नगर निकाय चुनाव को लेकर जाली आधार कार्ड एवं जाली किराया नामा बनवाकर फर्जी वोट बनवाई जा रही हैं। आरोप लगाया कि समुदाय विशेष एवं जाति विशेष के वोट अलग-अलग मोहल्लों में जोड़ने का खेल चल रहा है। जिससे उन्हें परेशान कर वोट डालने से वंचित किया जा सके। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त से तत्काल इसका संज्ञान लेकर प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान रमेश चौहान, रजनीश चौहान, महावीर सैनी, राव अल्तमस, आसिफ पार्षद, हरपाल वाल्मीकि, फखरुल इस्लाम, सतपाल कालड़ा, राव शहजाद , चांद कुरैशी आदि मौजूद रहे।