Murder in Saharanpur: सहारनपुर में देहरादून-अंबाला हाईवे पर कोलकी टोल के पास युवक की हत्या कर शव को अंडरपास की पुलिया के नीचे फेंक दिया गया। युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शनिवार की शाम छह बजे हरियाबांस गांव की महिलाएं खेतों से घास काट कर अपने गांव लौट रही थीं। उन्होंने देहरादून-अंबाला हाईवे पर कोलकी टोल के पास अंडरपास की पुलिया के नीचे एक युवक का शव पड़ा देखा। उन्होंने इसकी खबर पास ही खेत में काम कर रहे लोगों को दी। सूचना देने के एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। युवक के सिर पर पीछे की ओर किसी भारी वस्तु से वार किया गया था।
माना जा रहा है कि युवक की हत्या कर शव छिपाने के लिए उसके शव को अंडरपास की पुलिया के अंदर फेंका गया है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर आकर जांच की। सीओ सदर नीरज सिंह ने बताया कि युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। युवक की हत्या कर शव यहां फेंका गया है। युवक की उम्र 35 वर्ष के करीब है। उन्होंने बताया कि शव को देखने से लग रहा है कि घटना आज की है। पुलिस जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री दौरे की खास बातें: सीएम ने बिजनौर की धरती से जोड़ा उत्तराखंड का नाता, शहर को मिली ये बड़ी सौगात
हाईवे से गुजर रहे मंत्री ने भी ली जानकारी
शव मिलने के बाद मौके पर लगी भीड़ देख वहां से गुजर रहे प्रदेश सरकार में औद्योगिक विकास एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी ने भी घटनास्थल पर रुक कर मामले की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद सीओ को मृतक युवक की शिनाख्त कराकर जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: CM Yogi in Bijnor: वंदे मातरम से हुई भाषण की शुरुआत, योगी बोले- पहले होते थे दंगे, अब यूपी में हो रहा निवेश