सहारनपुर। रेलवे के आरएमएस कार्यालय के नजदीक रेलवे क्वार्टरों के बीच बनी पानी की टंकी से गिरकर युवक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक युवक भीख मांग कर अपना गुजारा करता था। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि गर्मी से बचने के लिए युवक रात में पानी की टंकी पर सो गया। आशंका है कि नींद में करवट लेने के दौरान वह नीचे गिर गया। ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। कुतुबशेर पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी, लेकिन मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार त्यागी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। साथ ही आस-पास के सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं।