सरसावा। सरिये से लदी ट्राली के नीचे दबने से सरसावा निवासी एक युवक की मौत हो गई। परिजन बिना किसी कार्रवाई के शव को अपने साथ ले गए।
जानकारी के अनुसार रविवार को सरसावा के मोहल्ला हजारा का निवासी तनवीर 22 वर्ष पुत्र निसार यमुनानगर से सरिये से लदी ट्रैक्टर ट्राली में सरिए के ऊपर बैठकर सरसावा आ रहा था। रविवार की शाम पांच बजे ट्रैक्टर ट्रॉली नवनिर्मित रुड़की पंचकूला हाईवे पर ग्राम भिक्कनपुर की पुलिया के समीप अनियंत्रित होकर पलट गई। गहरे खड्ड में ट्रॉली करते ही तनवीर गिर पड़ा तथा सरिये के बंडलों के नीचे दब गया। हादसा होते देख आसपास खेतों पर काम कर रहे किसानों ने बमुश्किल सरिया हटाया तथा तनवीर को बाहर निकाला। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। जानकारी मिलने पर परिजन भी पहुंचे तथा तनवीर के शव को अपने साथ सरसावा ले आए। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि परिजनों द्वारा लिखित में कोई कार्रवाई न किए जाने के लिए अनुरोध करने पर शव उन्हें सौंप दिया गया।