गंगोह। गांव गांधीनगर निवासी बिट्टू सैनी (35) पुत्र पालेराम शनिवार रात करीब 11 बजे गंगोह से बाइक पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान गंगोह-लखनौती मार्ग पर पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गंगोह ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने बाइक और ट्रक दोनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। पुलिस बल मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास करते रहे। देर रात तक जाम लगा हुआ था।