सहारनपुर/गंगोह। प्रदेश के किसानों के निजी नलकूपों के लिए लागू मुफ्त विद्युत योजना के पंजीकरण के अंतिम दिन रविवार को बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने लाभ उठाया। इस दौरान जिले के 137 बिजलीघरों पर कैंप लगा कर किसानों का पंजीकरण किया गया।
दरअसल निजी नलकूप हेतु लागू की गई मुफ्त विद्युत योजना का लाभ लेने हेतू इसमें पंजीकरण कराना जरूरी था। बिना पंजीकरण के इस योजना का लाभ मिलना संभव नहीं था। योजना के तहत ऐसे उपभोक्ता जिनका नलकूप का बिजली बिल बकाया है। उन्हें पंजीकरण के लिए मार्च 2023 तक के मूल बकाए को एक मुश्त अथवा किश्तों में भुगतान करना होगा। जबकि जिनके पास कोई बकाया नहीं है वे बिना धनराशि जमा किए पंजीकरण करा सकते थे। इसके अंतर्गत अंतिम दिन जिले भर में करीब एक हजार उपभोक्ताओं ने शिविर में पहुंच लाभ उठाया।
गंगोह क्षेत्र के 13 बिजलीघरों पर 55 किसानों द्वारा पंजीकरण कराया गया। उक्त सुविधा का लाभ लेने के लिए उन्होंने करीब 12 लाख रुपये का बकाया जमा कराया। एसडीओ सतीश रावत ने बताया कि अब तक कुल चार हजार साठ किसानों द्वारा रजिस्ट्रेशन कराया गया है। इनमें से 3500 किसानों का बिल पहले से जमा था जबकि अन्य पांच सौ साठ किसानों द्वारा करीब चार करोड़ रूपये का बकाया जमा कराया गया है। विद्युत निगम के मुख्य अभियंता सुनील कुमार अग्रवाल ने बताया कि अंतिम दिन जिले भर में शिविर लगाए गए। यहां पर बड़ी संख्या में नलकूप उपभोक्ताओं का पंजीकरण किया गया। बिल में छूट देने की योजना को अमल में लाया गया। उन्होंने बताया कि पंजीकरण कराने वाले किसानों का डाटा सोमवार तक सामने आ जाएगा।