नागल(सहारनपुर)। नैनसोब गांव में खेतों पर जा रहा किसान हिंडन नदी में पानी के तेज बहाव में बाइक समेत बह गया। हालांकि घंटों बाद बाइक बरामद कर ली गई, लेकिन देर शाम तक किसान का पता नहीं चला। पहाड़ाें पर बरसात के बाद हिंडन नदी में जलस्तर बढ़ा हुआ है। किसान बाइक से रपटे को पार कर रहा था, तभी यह हादसा हुआ।
गांव नैनसोब निवासी पवन त्यागी (60) पुत्र सुखबीर त्यागी कई साल से परिवार के साथ सहारनपुर की ब्रह्मपुरी कॉलोनी में रह रहा है। वह रोजाना गांव में जाकर खेतीबाड़ी करता था। बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे वह बाइक से खेतों की तरफ जा रहा था। पहाड़ों पर बरसात की वजह से हिंडन नदी में भी पानी का जलस्तर बढ़ा हुआ। वह बाइक से रपटे को पार करने लगा, तभी तेज बहाव के कारण संतुलन खो बैठा और पानी में बह गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पवन ने हेलमेट लगा रखा था, जब तक वह हेलमेट उतारता वह आगे बह गया। पता चलने पर पुलिस और बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंचे। देर शाम तक तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान किसान की बाइक बरामद कर ली गई। दोपहर बाद मेरठ से पीएसी की गोताखोर की टीम पहुंची, लेकिन किसान का पता नहीं चला। देर शाम तक तलाश जारी थी। रामपुर मनिहारान विधायक देवेंद्र निम ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी ली।
पूरा परिवार है सदमे में
पवन के इकलौते बेटे चीनू ने बताया कि उसकी मां की करीब 10 साल पहले मौत हो गई थी, अब पिता के साथ इस हादसे से पूरा परिवार सदमे में है। परिवार के सभी सदस्य हिंडन नदी के किनारे देर शाम तक इसी उम्मीद में बैठे रहे कि शायद पवन का पता चल सके।