चिलकाना। ट्रैक्टर के बंपर से उछलकर नीचे गिरे किसान की पहिए के नीचे आने से मौत हो गई। गांव पठेड़ निवासी रमेश (50) पुत्र हरनंद रविवार रात ढिक्का से गन्ने का बीज लेकर अपने बेटे सोनी के साथ ट्रैक्टर9ट्राॅली पर सवार होकर वापस गांव आ रहा था। ट्रैक्टर सोनी चला रहा था, जबकि रमेश साइड में बंपर पर बैठा हुआ था। रात सवा नौ बजे जैसे ही यह लोग धोलाहेड़ी गांव में पहुंचे तो अचानक ट्रैक्टर के उछलने पर रमेश बंपर से नीचे जा गिरा और ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका बेटा उसे आनन फानन में चिकित्सक के यहां ले गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।