सहारनपुर। महानगर में टेंपो चालकों की मनमानी की वजह से कभी बड़ा हादसा हो सकता है। क्योंकि, टेंपो चालकों ने यातायात नियमों को ताक पर रखा हुआ है। यह तेज रफ्तार से टेंपो को दौड़ाते हैं। सवारी बैठाने और उतारने के लिए बिना इशारा या सिग्नल दिए अचानक कट मारकर सड़क किनारे टेंपो रोक देते हैं।
घंटाघर से अंबाला रोड, कोर्ट रोड, रेलवे रोड, की तरफ टेंपो की संख्या ज्यादा है। चालक क्षमता से अधिक सवारियों को टेंपो में बैठाते हैं। टेंपो चालकों को आपस में ज्यादा से ज्यादा सवारी बैठाने की होड़ लगी रहती है। इनके आसपास चलने वाहनों की तरफ इनके चालक ध्यान नहीं देते हैं, जहां भी सवारी सड़क किनारे खड़ी दिखती है, वहीं बिना सिग्नल दिए अचानक तेज रफ्तार से कट मार देते हैं। ऐसे में आसपास के वाहन चालक घबरा जाते हैं।
अवैध स्टैंड बनाए
किसी मार्ग पर टेंपो की संख्या अधिक है तो किसी मार्ग पर कम। इस वजह से जाम भी लगता है। कई बार इनके रूट निर्धारित हुए, लेकिन उनका पालन नहीं हुआ। चालकों ने घंटाघर पर देहरादून और अंबाला रोड की तरफ अवैध स्टैंड बना रखे हैं।
नियमों का उल्लंघन करने वाले टेंपो पर कार्रवाई की जा रही है। जल्द रूट प्लान भी लागू कराया जाएगा। अमित तोमर, यातायात प्रभारी