सहारनपुर। जिला गन्ना अधिकारी कृष्ण मोहन मणि त्रिपाठी ने गन्ना विकास निरीक्षकों की बैठक में गन्ने की उत्तम खेती के प्रति जागरूक किया।
मंगलवार को गन्ना भवन सभागार में शुगर मिल अधिकारियों और गन्ना विकास निरीक्षकों की बैठक में जिला गन्ना अधिकारी ने कहा कि गन्ने की खेती किसी भी अन्य खेती की तुलना में अधिक फायदेमंद है। उन्होंने पापुलर और गन्ने की खेती की तुलना करते हुए कहा कि पापुलर की खेती जहां जमीन की उर्वरा शक्ति को नुकसान पहुुंचाने के साथ ही जलस्तर को भी प्रभावित करती है। इसके अलावा पापुलर के रेट में काफी उतार चढ़ाव रहता है, जबकि गन्ने का रेट लगभग हर सीजन में बढ़ता है। इसके साथ ही किसानों को पशुओं के लिए चारा भी प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि बसंतकालीन गन्ना बुआई में किसानों को गन्ना बीज को उपचारित करके बोने के लिए प्रेरित किया जाए। इस दौरान डॉक्टर यशपाल सिंह, ऋषिपाल सिंह, एके ओझा, रीना और सभी चीनी मिलों के गन्ना प्रबंधक मौजूद रहे।