गंगोह (सहारनपुर)। चेयरमैन प्रतिनिधि नोमान मसूद के नेतृत्व में नागरिकों ने बिजलीघर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि विद्युत कर्मचारी चेकिंग के नाम पर अवैध उगाही कर उपभोक्ताओं का उत्पीड़न कर रहे हैं। इसके बाद कोतवाली पहुंचकर एक महिला उपभोक्ता ने तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की। एसडीओ ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। बृहस्पतिवार को कुछ विद्युत कर्मचारी मोहल्ला सैयदान में पहुंचकर चेकिंग करने लगे। जुबेर मंसूरी नसीम, आरिफ खान, राजा, मुस्तकीम, अब्बास, इकराम, शाकिर, इरफान, भूरी, रानी यासमीन, शाकिर, महमूद, इकराम आदि उपभोक्ताओं का आरोप है कि कथित कर्मचारी पहले तो लोगों के घरों की वीडियो बनाते हैं और बाद में उन्हें रिपोर्ट दर्ज कराने की धमकी देते हुए अवैध वसूली का प्रयास करने लगते है। विद्युत कर्मियों को उत्पीड़न पर उतारू देख वहां लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और उन्होंने विद्युत निगम के खिलाफ नारेबाजी आरंभ कर दी। कर्मचारी हंगामा होता देख वहां से खिसक गए। इसके बाद सभी लोग चेयरमैन प्रतिनिधि नोमान मसूद के यहां पहुंचे और उन्हें मामले से अवगत कराया। नोमान मसूद के नेतृत्व में सैकड़ों महिला पुरुष बिजलीघर पहुंच गए और वहां हंगामा करने लगे। मामला बढ़ता देख एसडीओ राजेश कुमार ने कार्रवाई का आश्वासन देकर भीड़ को शांत किया। इसके बाद भीड़ कोतवाली पहुंच गई जहां मोहल्ला सैयदान निवासी महिला रूहीना ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि वह घर पर अकेली थी कि तीन लोग बिना आवाज दिए घर में घुस गए। विरोध करने पर स्वयं को विद्युत कर्मचारी बताया और उसे अभद्रता करते हुए उसे धक्का दे दिया। उसके शोर मचाने पर मोहल्ले के अनेक लोग वहां आ गए तो वह धमकियां देते हुए चले गए। पूर्व चेयरमैन नोमान मसूद का कहना है कि विद्युत चेकिंग के नाम पर नगर में किसी का भी उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसडीओ राजेश कुमार का कहना है कि अवैध वसूली का आरोप बेबुनियाद है और टीम बकाया वसूली के लिए गई थी। वहां कहासुनी के बाद लोगों ने हंगामा कर दिया।