गंगोह (सहारनपुर)। गांव बांसदेई में शुरू की गई किसान पाठशाला में विशेषज्ञों ने किसानों को आय दो गुना करने के टिप्स दिए।
पाठशाला का उद्घाटन ग्राम प्रधान ब्रजपाल सिंह ने किया। कृषि विभाग के प्राविधिक सहायक सोनू कुमार ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा संचालित इस योजना का उद्देश्य वर्ष 2022 तक किसानों की आय को दो गुणा करना है। उन्होंने किसानों को बताया कि खेत में लगातार एक ही फसल उगाने से मिट्टी की उर्वरा शक्ति घटती चली जाती है। इस कारण फसल का उत्पादन भी प्रभावित होता है। किसानों को उचित प्रकार के फसल चक्र द्वारा खेती करनी चाहिए। उन्होंने रबी की प्रमुख फसलों के बारे में भी जानकारी दी। सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए बीजों के अलावा टिकाऊ खेती एवं जैविक खेती की भी जानकारी दी गई। किसानों को मिट्टी की जांच कराकर ही आवश्यकता अनुसार खेत में रसायनिक खाद एवं उर्वरक का प्रयोग करने की सलाह दी गई। सोमदत्त, ओमकुमार, संजय, सुंदर, दीपक, देवी सिंह आदि रहे।