रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। एटीएम से रुपये निकालते समय दो युवकों ने एक व्यक्ति का एटीएम बदलकर 20 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने अपने साथ हुई ठगी की तहरीर थाने पर दी है। रामपुर मनिहारान के मोहल्ला गंगाराम निवासी भंवर सिंह पुत्र नगीना दिल्ली रोड हाईवे पर लगे एक एटीएम से रुपया निकालने के लिए गया था। जब वह पैसा निकाल रहा था, उसी समय एटीएम मशीन पर एक अन्य युवक भी खड़ा था। भंवर सिंह ने एटीएम मशीन के कार्ड डालकर अपना कोड नंबर भी भरा परंतु इसके बाद भी मशीन से रुपया नहीं निकल पाया। इस पर वहां मौजूद युवक ने उनके एटीएम कार्ड दिखाने को कहा। उसने भी प्रयास किया परंतु रुपया नहीं निकल पाया। इसके बाद भंवर सिंह वहां से चला आया। थोड़ी देर बाद ही उसके मोबाइल पर बीस हजार रुपये निकाले जाने के मेसेज आया तो भंवर सिंह ने थाने पर अपने साथ हुई ठगी की तहरीर दी है।