गंगोह (सहारनपुर)। भाकियू ने पुलिस को ज्ञापन देकर चोरी, गोकशी, छेड़छाड़, अवैध शराब की बिक्री और बढ़ते अतिक्रमण सहित विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की है। ज्ञापन में चेतावनी दी कि यदि समाधान ना हुआ तो कार्यकर्ता 26 नवंबर से कोतवाली पर बेमियादी धरना शुरू कर देंगे। मोहल्ला गुलाम औलिया में आयोजित बैठक में नगर अध्यक्ष मेहरबान कुरैशी ने कहा कि नगर की विभिन्न समस्याओं को लेकर संगठन कई बार कोतवाली प्रभारी से मिल चुका है, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने कोतवाली पहुंचकर अपना नौ सूत्री मांग पत्र कोतवाल को सौंपा। पत्र में कहा गया कि नगर एवं क्षेत्र में चोरी, बाइक चोरी, लूट, गोकशी की घटनाएं फिर से बढ़ने लगी हैं। स्कूल-कालेजों के बाहर मनचलों ने छात्राओं का आना जान मुश्किल कर दिया है। क्षेत्र में लगातार नशे का कारोबार बढ़ रहा है। स्मैक एवं हरियाणा मार्का शराब खुलेआम बेची जा रही है। सट्टे का कारोबार चरम पर है। मिलावटी डीजल एवं पेट्रोल खुलेआम दुकानों पर बिक रहे हैं। ओवरलोड वाहनों ने सड़कों को जर्जर कर दिया है। चेतावनी दी गई कि यदि उनकी मांगे न मानी गई तो 26 नवंबर से कोतवाली पर बेमियादी धरना दिया जाएगा। मीर हसन, जितेंद्र, बृजपाल सैनी, रियासत, अनवर, प्रताप, नसीम आदि रहे। गंगोह कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार का कहना है कि अपराध पूरी तरह नियंत्रण में है और एंटी रोमियो स्क्वायड भी प्रभावी रुप से काम कर रहा है।