कृषि यंत्रों पर अनुदान की योजना
में धांधली की शिकायत
बड़गांव। क्षेत्र के किसानों ने कृषि यंत्रों पर अनुदान योजना में धांधली की शिकायत मुख्यमंत्री के पोर्टल पर की है। शिकायत में किसान योगराज और कातला के प्रधान विजयंत राणा ने बताया कि योजना से वंचित किसानों के लिए शुक्रवार को कृषि विभाग लखनऊ द्वारा साइट को कुछ समय के लिए दोबारा खोला गया था। लेकिन सहारनपुर कृषि विकास केंद्र के अधिकारियों ने एजेंटों से मिलीभगत करके पात्र किसानों द्वारा खरीदे गए कृषि यंत्रों की सत्यापन रिपोर्ट रात 11 बजे तक भी नहीं लगाई। इससे बड़ी संख्या में किसान योजना का लाभ लेने से वंचित रह गए। किसानों ने जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। उधर, कृषि विभाग के अधिकारी राम जतन मिश्रा ने बताया कि सभी किसानों के सत्यापन के लिए समय से लिस्ट भेजी गई। किसानों के आरोप गलत हैं।