प्रस्तावित ओवरब्रिज के निर्माण के विरोध में मुखर हुई महिलाएं
प्रस्तावित ओवरब्रिज के विरोध में मुखर हुई महिलाएं
देवबंद (सहारनपुर)। देवबंद महिला मंडल ने रेलवे रोड पर प्रस्तावित ओवरब्रिज के निर्माण का विरोध करते हुए इसे जनविरोधी कदम बताया है। पंजाबी कालोनी स्थित सत्संग भवन में देवबंद महिला मंडल की बैठक में रजनी मल्होत्रा, राजेंद्र कौर, शीतल जैन, रिधि मल्होत्रा, रीटा सेठी, मनिका गुप्ता और राजरानी छाबड़ा ने कहा कि रेलवे रोड पर ओवरब्रिज का निर्माण होने से रेलवे रोड पर वाहनों की भीड़ बढ़ जाएगी। इससे स्कूली बच्चों, अस्पतालों में आने वाले मरीजों, स्टेशन पर जाने वाले यात्रियों, इंडस्ट्रियल एरिया के उद्यमियों तथा विभिन्न कालोनियों में रहने वाले लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ेगी। इसलिए ओवरब्रिज को रेलवे रोड की बजाए पूर्व में प्रस्तावित रणखंडी रोड से अंबहेटा मार्ग पर बनाया जाए। बता दें कि जब से ओवरब्रिज का निर्माण रेलवे रोड के लिए प्रस्तावित हुआ है तब से लोगों में भारी आक्रोश पनप रहा है। प्रस्तावित पुल का निर्माण रूकवाने को लोग अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन भी दे चुके हैं। इस मौके पर तरसेम छाबड़ा, किरन मल्होत्रा, ज्योति होरा, सीमा छाबड़ा, जूली भाटिया, रेनू ठकराल, सुनीता बतरा, पुष्पा गंभीर, मिनी गंभीर, सोनल मल्होत्रा, रीतू सलूजा, अनिता सचदेवा, सीमा मल्होत्रा, सुधा, पूजा, हर्ष आदि मौजूद रही।