ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से बाइक सवार दो घायल
नकुड़ । बाइक और ट्रैक्टर-ट्राली की जोरदार टक्कर में बाइक सवार दो युवक गंभीर घायल हो गये। राहगीरों ने घायलों को सीएचसी भर्ती कराया।
शुक्रवार की देर रात कोतवाली क्षेत्र के गांव गोकलपुर निवासी दो युवक अवीश और उस्मान बाइक से अपने गांव जा रहे थे। जैसे ही वह बस अड्डे पर पहुंचे तो लकड़ियों से भरी ओवरलोड एक ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। इसमें दोनों युवक गंभीर घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को किसी तरह सीएचसी में पहुंचाया और हादसे की सूचना पुलिस को दी। चिकित्सकों ने घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एसओ यशपाल सिंह ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में ले लिया। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। उधर, दोनों पक्षों में समझौते के प्रयास भी चल रहे हैं।