सहारनपुर। विभिन्न मुद्दों को लेकर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने बृहस्पतिवार को महापौर संजीव वालिया को ज्ञापन सौंपा।
बृहस्पतिवार को वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष विमल विरमानी ने कहा कि नगर निगम द्वारा केंद्र सरकार के सहयोग से किसी बाहरी एजेंसी से वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों का सर्वे कराकर हाउस टैक्स बढ़ाने की तैयारी से व्यापारियों में भारी रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि हमारा संगठन इसका पुरजोर विरोध करेगा। महानगर अध्यक्ष प्रेम सागर ग्रोवर और जिला महामंत्री अनित गर्ग ने बाजारों में लग रही रेहडियों को अतिक्रमण की मुख्य वजह बताया। उन्होंने कहा कि केवल व्यापारी को अतिक्रमण के लिए जिम्मेदार बताना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि बस अड्डों के बाहर होने से ई रिक्शा और थ्री व्हीलर के रूट निर्धारित होने से शहर को जाम से मुक्ति मिलेगी। अश्वनी अरोड़ा, पंकज कालड़ा, हर्ष डाबर, सिराज फारूखी, सरदार गुरमेहर सिंह, पंकज बजाज, रमन वर्मा, मनोज चिटकारा, जगदीश कालड़ा, सरदार गुरदीप सिंह, रजत मित्तल आदि ने भी विचार रखे। इस पर महापौर ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया व्यापारियों का शोषण नहीं होने दिया जाएगा। विनीत विरमानी, शशांक भाटिया, सुबोध भाटिया, आकाश जैन, आरिफ खान, जगदीश कालड़ा, राजेश पाहवा, तरनजीत सिंह बग्गा आदि रहे।