देवबंद/बड़गांव (सहारनपुर)। भीम आर्मी जिलाध्यक्ष कमल वालिया के छोटे भाई सचिन वालिया के अंतिम संस्कार को लेकर बृहस्पतिवार को पुलिस अधिकारी टेंशन में रहे। किसी भी प्रकार की अनहोनी को रोकने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने देवबंद और बड़गांव के संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस फोर्स तैनात रही। खुद अधिकारी कई सर्किल के थाना इंचार्जों के साथ बड़गांव थाना में कैंप किए रहे। सैनपुर, भायला, रणखंडी, ठोकरपुर, बहादुरपुर और झबीरन में पुलिस फोर्स तैनात रहा। वहीं, बड़गांव में जडौदा पांडा, बार्डर, अंबहेटा चांद, शब्बीरपुर, शिमलाना, नन्हेड़ा, मोरा और बडग़ांव कस्बे में पीएसी और आरएएफ के जवानों को ड्यूटी पर तैनात किए रखा गया। इतना ही नहीं सुरक्षा के मद्देनजर बड़गांव में महाराणा प्रताप की मूर्ति के इर्दगिर्द भी फोर्स तैनात रही। बड़गांव में एसपी देहात डा. विद्या सागर मिश्र, एसडीएम राकेश गुप्ता, मुजफ्फरनगर एसपी ट्रैफिक बीपी चौरसिया और सीओ देवबंद सिद्धार्थ जनपद बागपत, मेरठ और मुजफ्फरनगर के इंस्पेक्टरों के साथ बड़गांव थाने में कैंप किए रहे।