नागल। प्रदेश सरकार द्वारा 10 साल पुराने डीजल वाहन बंद करने के आदेश के बाद भाकियू ने आगामी 27 मार्च को जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। ब्लाक अध्यक्ष राजपाल पनियाली ने क्षेत्र के गांव कुकावी, नगली महनाज, पठोड़ी, मीरपुर, आमकी, गांगनौली आदि गांव में जनसंपर्क कर ज्यादा से ज्यादा किसानों से जिला मुख्यालय पहुंचने का आह्वान किया। गांव कुकावी में नुक्कड़ सभा में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों की कमर तोड़ दी है। शुगर मिल समय पर गन्ने का भुगतान नहीं कर रही हैं। विद्युत निगम बिल वसूलने के लिए थानों में एफआईआर दर्ज करा रहा है। बिजली की दरें बढ़ा दी गई हैं। अब सरकार किसानों के पुराने ट्रैक्टर बंद करने जा रही है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया की सभी अपने ट्रैक्टर ले कर प्रदर्शन में शामिल हों। इस दौरान उनके साथ सरदार मनमोहन सिंह, यशपाल सिंह, प्रमील चौधरी, संजय कुमार, विजेंद्र काला, सुलेमान आदि मौजूद रहे।