अंबेहटा (सहारनपुर)। टाटा मैजिक वाहन की टक्कर लगने से बाइक गन्ने से भरे खड़े ट्राले से टकरा गई जिस कारण बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। इनमें से एक की हालत नाजुक बनी है। हबीबपुर गांव निवासी रंधीर पुत्र कृष्णपाल ने खेड़ा अफगान गांव में दुकान कर रखी है। बुधवार की रात करीब आठ बजे रंधीर अपने भतीजे अरविंद व भाई आदेश के साथ बाइक द्वारा खेड़ा अफगान से गांव लौट रहा था। जैसे ही बाइक अंबेहटा में स्थित धनश्याम दास मित्तल सरस्वती शिशु मंदिर के पास पहुंची तो सामने से आ रही मैजिक ने बाइक में टक्कर मार दी। इस कारण बाइक सड़क किनारे गन्ने से भरे खड़े ट्राले से टकरा गई। घटना में तीनों लोग घायल होकर बाइक सहित नीचे गिर पड़े। घायलों को अंबेहटा में चिकित्सक के यहां लाया गया। चिकित्सक ने गंभीर हालत होने के कारण रंधीर को सहारनपुर रेफर कर दिया जबकि अरविंद व आदेश को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। परिजन रंधीर को सहारनपुर में एक निजी चिकित्सक के यहां ले गए परंतु चिकित्सक ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों ने रंधीर को पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती कराया है जहां रंधीर की हालत नाजुक बनी है। रंधीर के चाचा नाथीराम ने पुलिस को तहरीर दी है।