देवबंद। निकाय चुनाव की आचार संहिता खत्म होते ही पहले संपूर्ण समाधान दिवस में अलग-अलग विभागों से संबंधित 35 फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। इनमें से 7 शिकायतों का अधिकारियों द्वारा मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि अन्य शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
स्टेट हाईवे स्थित खंड विकास कार्यालय में शनिवार एसडीएम संजीव कुमार की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में बिजली, राजस्व, नगरपालिका, सिंचाई विभाग और पुलिस विभाग से संबंधित 35 शिकायतें दर्ज हुई। अधिकारियों ने 7 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराकर अन्य शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के लिए निर्देशित किया। इस मौके पर सीओ रामकरण सिंह, तहसीलदार तपन कुमार मिश्र, ईओ धीरेंद्र राय, कोतवाल एचएन सिंह, बीडीओ आजम अली, सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डाॅ. अजय त्यागी आदि मौजूद रहे।