सहारनपुर। मोहल्ला शांतिनगर निवासी एक महिला ने विद्युत निगम के कर्मचारियों पर जेल चुंगी के निकट के मोहल्ले में बिजली चोरी कराने एवं अवैध वसूली का आरोप लगाया है। महिला राधा ने उच्चाधिकारियों को इस संबंध में शिकायतीपत्र भेजा है। आरोप लगाया है कि जेल चुंगी के निकट कुछ मोहल्लों में चेकिंग के दौरान टीम ने विद्युत कनेक्शन काटे थे। आरोप है कि विद्युत निगम के ही कुछ कर्मियों की मिलीभगत से वहां एक दर्जन से ज्यादा लोग बिजली चोरी कर रहे हैं। अवैध रूप से कनेक्शन जोड़ दिए गए हैं, जिनसे अवैध वसूली की जा रही है। इस संबंध में राधा ने अधीक्षण अभियंता को शिकायतीपत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। उधर, अधीक्षण अभियंता रविंद्र गुप्ता का कहना है कि शिकायत मिली है। इसकी जांच कराई जाएगी। शिकायत सही मिली, तो बिजली चोरी करने वालों और बिजली चोरी कराने वाले कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।