सहारनपुर। देश में चल रहे प्राथमिक मदरसों को बंद कराने संबंधी उत्तर प्रदेश शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष वसीम रिजवी के बयान पर मुसलिम समाज के लोगों में रोष है। देवबंद उलमा एवं जामिया तरीतुल कुरान के अध्यक्ष मौलाना तल्हा इलाही का कहना है कि वसीम रिजवी जैसे लोग समाज में नफरत फैलाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वसीम रिजवी मदरसे में दाखिला लें और फिर यहां से शिक्षा हासिल करके बाहर निकलेंगे, तो उनकी रग रग में देशभक्ति होगी। क्योंकि मदरसों में दीनी तालीम के साथ ही देश भक्ति का जज्बा भी पैदा किया जाता है। मदरसों में अंधकार को दूर करने की शिक्षा दी जाती है। यहां हर धर्म का व्यक्ति आकर शिक्षा ले सकता है। मौलाना ने कहा कि वसीम रिजवी जैसे लोग नफरत की आग भड़काना चाहते हैं, जिससे देश को नुकसान होगा।