विद्युत कटौती से किसान परेशान
बड़गांव। एक ओर धान की रोपाई दूसरी ओर भीषण गर्मी के चलते क्षेत्र में विद्युत कटौती ने भी अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। आठ से दस घंटे की सप्लाई में भी रोज बीस से ज्यादा कट लग रहे हैं। इसके चलते खेतों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है और धान की रोपाई प्रभावित हो रही है। सरकार ने किसानों की सुविधा के लिए 18 घंटे बिजली सप्लाई के आदेश किए हैं। इसके बावजूद स्थानीय बिजली घर से मात्र आठ से दस घंटे बिजली सप्लाई किसानों को दी जा रही है। उसमें भी पिछले आठ दिन से रोज बीस से भी अधिक कट लग रहे हैं और सुबह शाम के समय बिजली सप्लाई नियमित रुप से गुल रहती है। किसानों सुरेन्द्र , शमशेर, नरेश, पोपिन्द्र शर्मा, राजकुमार, किशन आदि ने बताया कि बार बार के कट लगने से एक तो उनके बिजली के मोटर खराब हो रहे हैं। दूसरे नलकूपों का पानी खेतों तक भी नहीं पहुंच रहा है। इस कारण किसानों को धान की रोपाई करने में भारी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि स्थानीय बिजलीघर के कर्मचारी कट के उपर कट लगा कर किसानों को परेशान कर रहे हैं। उधर जेई मौ इरशाद हुसैन का कहना है कि जैसी सप्लाई उपर से मिलती है वैसी ही आगे कर दी जाती है। रात में पारेषण केंद्र से ही कट लगते हैं।