सहारनपुर। उत्तर प्रदेश व्यापारी व्यापार बंधु व्यापार मंडल ने शहर की सड़कों पर लगातार लग रहे जाम की समस्या से निजात दिलाए जाने की मांग की है।
मंगलवार को व्यापारी एकत्रित होकर डीआईजी कार्यालय पहुंचे और शहर की जाम की समस्या का समाधान कराए जाने की मांग की। व्यापारियों ने कहा कि पूरा महानगर जाम की समस्या से परेशान है। प्रमुख चौराहे कोर्ट रोड, घंटाघर, पुल जोगियान, पुल खुमरान, देहरादून चौक, चौधरी चरण सिंह चौक, विश्वकर्मा चौक पर सबसे अधिक जाम रहता है। जाम के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जबकि देहरादून चौक, घंटाघर तथा कोर्ट रोड की सड़कें काफी चौड़ी हैं। फिर भी उन पर जाम की स्थिति बनी हुई है। देहरादून चौक से चरण सिंह चौक तक जाम लगने का कारण चिकित्सकों के क्लीनिक एवं नर्सिंगहोम के सामने पार्किंग का न होना है। मरीज एवं तीमारदार अपने वाहनों को सड़क पर ही खड़ा कर देते हैं। घंटाघर के दोनों ओर बसों एवं टेंपुओं द्वारा सवारी उतारी एवं चढ़ाई जा रहीं हैं। जिससे जाम लग रहा है। जाम की समस्या का कारण शहर का अतिक्रमण भी है। इस संबंध में व्यापारियों ने डीआईजी को ज्ञापन देकर शहर के लोगों को जाम से निजात दिलाने के लिए कार्रवाई कराए जाने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने वालों में मोहम्मद शाहिद अंसारी, नसीम मलिक, हरीश वर्मा, सुरेश पाल सिंह, हरपाल सिंह वर्मा, नाथीराम पढेड़िया, नदीम शेख, संजय वर्मा, यूनुस सिद्दीकी, सरताज कौशिक, राजेश परमार, सुदीप जैन, तनवीर, इंद्रसैन, महताब अली शामिल रहे।