सहारनपुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के बेहट रोड पर श्रद्धालुओं की कार व सवारियों से भरे टेंपो की आमने-सामने हुई भिड़ंत में लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बेहट रोड पर स्थित ग्राम देवला के निकट शाकंभरी से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार और सहारनपुर की ओर से जा रहे सवारियों से भरे टेंपो की आमने सामने भिड़ंत हो गई। दुर्घटना होते ही टेंपो में सवार लोग घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को टेंपो से निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों में कार में सवार मंडी कोतवाली क्षेत्र की मदनपुरी कॉलोनी की निवासी कृष्णा अग्रवाल, प्रीति अग्रवाल, कुसुम लता, गौशाला रोड निवासी सरला देवी घायल हो गए। जबकि टेंपो सवार देहात कोतवाली के गांव घुन्ना की महिमा, रेखा, बेहट के गांव मालाहेड़ी का मोहतरम, गांव टोली निवासी इमरान, मांझीपुर निवासी पवन कुमार सहित लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गए। इस मामले में अभी तक किसी की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।