बेहट (सहारनपुर)। रायेपुर रोड पर लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्राली ने ससुराल से वापस गांव लौट रहे बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हादसे की जिम्मेदार ट्रैक्टर-ट्राली को उसका चालक मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची कोतवाली बेहट पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में लेकर कोतवाली ले आई। हादसा कोतवाली बेहट क्षेत्र में शराब के ठेके के पास हुआ। थाना मिर्जापुर के गांव नगली निवासी मुकेश (25) पुत्र रतिया यहां कोतवाली बेहट क्षेत्र के गांव मांझीपुर में अपनी ससुराल में आया था। देर शाम करीब पौने सात बजे जब वह वापस लौट रहा था, तो गंदेवड़ हथनीकुंड रोड पर उसकी बाइक में सामने से आ रही लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्राली ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राली को मौके पर ही छोड़कर भाग निकला। हादसे में मुकेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाली बेहट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने के बाद ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में लेकर कोतवाली ले आई।