सहारनपुर। केएलजी पब्लिक स्कूल के सभागार में सोमवार को यातायात के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एसपी ट्रैफिक विनीत भटनागर, टीएसआई तेजप्रताप सिंह, प्रोग्रेसिव स्कूल फोरम के संयोजक सुरेंद्र चौहान, स्कूल निदेशक नवीन गुप्ता, प्रबंधक वाईके गुप्ता तथा प्रधानाचार्य बबीता मलिक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। तेजप्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को यातायात के नियमों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने वीडियो के जरिये यातायात के नियमों केे समझाने का प्रयास किया। साथ ही नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित भी किया। एसपी ट्रैफिक विनीत भटनागर ने यातायात से जुड़े बच्चों के सवालों के जवाब दिए। सुरेंद्र चौहान ने कहा कि समाज में कोई भी नियम अनुशासन बनाने के लिए बनाए गए हैं। इसलिए हमें तमाम नियमों के साथ यातायात के नियमों का भी पालन करना चाहिए। प्रधानाचार्य ने सभी मेहमानों का आभार प्रकट किया। कार्यक्रम में हर्ष कुमार ने गीत की प्रस्तुति देकर सबका मनोरंजन किया।