सहारनपुर। उद्योग विभाग 19 फरवरी को होने वाली ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी की तैयारी में जुटा है। लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में होने वाले कार्यक्रम में जनपद के 61 निवेशक भाग लेंगे। जबकि 68 उद्यमी जिले में होने वाले कार्यक्रम में शामिल रहेंगे।
उत्तर प्रदेश निवेशक सम्मेलन में जनपद में 11747.08 करोड़ रुपये लागत की 459 इकाइयां स्थापित कराने के लिए निवेशकों ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए थे। इनमें से 19 फरवरी को होने वाली ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में जनपद में 3366.76 करोड़ रुपये की 129 इकाइयाें को धरातल पर उतारा जाएगा। इन इकाइयों के शुरू होने से 16463 लोगों को रोजगार मुहैया होगा।
लखनऊ में प्रधानमंत्री की मौजूदगी में होने वाली ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में 10 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली इकाइयों वाले 61 उद्यमी भाग लेंगे। जबकि इससे कम निवेश वाली इकाइयों से जुडे 68 निवेशक जनपद में होने वाली ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी कार्यक्रम में शामिल रहेंगे। जिले में होने कार्यक्रम में लखनऊ में होने वाले कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया जाएगा। साथ ही सरकार की नई औद्योगिक नीति पर एक सेमिनार होगा। जिसमें उद्योग संबंधित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी भाग लेंगे।
वर्जन : ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। लखनऊ में होने वाले समारोह में जनपद से 61 उद्यमी भाग लेंगे। जबकि 68 उद्यमी स्थानीय कार्यक्रम में शामिल रहेंगे। - वीके कौशल, उपायुक्त उद्योग।